सकलडीहा। विकासखंड के ताजपुर गांव के ग्रामीणों ने शनिवार को कोटेदार पर दुर्व्यवहार करने और कम राशन देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। ग्रामीणों ने कोटे की दुकान को पहले की तरह सरेहुआ कोटेदार की दुकान से अटैच करने की मांग की। हंगामा की सूचना पर पहुंचे पूर्ति निरीक्षक ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया।
ग्रामीणों का कहना था कि लॉकडाउन के दौरान ताजपुर के कोटेदार ने बीमारी का हवाला देते हुए वितरण बंद कर दिया था। विभागीय अधिकारियों व ग्राम प्रधान अमित सिंह ने लोगों की समस्या दूर करने के लिए कोटे की दुकान को सरेहुआ गांव के कोटेदार की दुकान से अटैच करा दिया था। लॉकडाउन के तीसरे चरण के वितरण में ग्रामीण राशन मिलने पर खुश थे। दो दिन पूर्व ताजपुर गांव के कोटेदार ने विभागीय अधिकारियों से आदेश कराकर वितरण शुरू कराया। इसकी जानकारी होते ही दर्जनों की संख्या में ग्रामीण ग्राम प्रधान के घर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्तमान कोटेदार निर्धारित से अधिक मूल्य पर राशन दे रहा है। वहीं दिए गए राशन का वजन भी कम है। ग्रामीणों के हंगामे की सूचना पर पहुंचे पूर्ति निरीक्षक केके मिश्रा व अमित द्विवेदी ने पूर्व की भांति वितरण शुरू कराने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। प्रदर्शन करने वालों में सुदामा राम, दयाराम, धर्मेंद्र, रामविलास आदि शामिल रहे।