जिले में हो रही अंधाधुंध बिजली कटौती पर शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं व अधिवक्ताओं ने अलग अलग स्थानों पर विरोध जताया।
जहां नगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक्सईएन का एक घंटे तक घेराव किया और
पत्रक सौंपा, वहीं सकलडीहा में अधिवक्ताओं ने बिजली विभाग के एक्सईएन का
पुतला दहन कर विरोध जताया।
इस दौरान चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही बिजली
आपूर्ति व्यवस्था नहीं सुधरी, तो वे सड़क पर उतर कर उग्र आंदोलन करेंगे।
लोगों को सबसे अधिक गुस्सा रात की कटौती को लेकर है।
बिजली विभाग के
दावे के अनुसार नगरीय इलाके में पंद्रह घंटे बिजली दी जा रही है, लेकिन
हकीकत इसके उलट है। कभी लोकल फाल्ट तो कभी अन्य कारणों से असमय बिजली काट
दी जा रही है। स्थिति यह है कि मुगलसराय में मात्र दस घंटे ही बिजली मिल
रही है।
सबसे अधिक दिक्कत रात में हो रही कटौती से हो रही है। लोग पूरी रात
सो नहीं पा रहे हैं। नियमित बिजली न मिलने से इन्वर्टर भी जवाब दे रहे
हैं। इसके विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर में दोपहर में बारह बजे
एक्सइएन कार्यालय पर पहुंच कर अधिशासी अभियंता का घेराव किया।
भाजपा के
पूर्व जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने कहा कि नगर में मनमानी तरीके से
बिजली आपूर्ति की जा रही है। स्थिति यह है कि शहरी क्षेत्र में चार से पांच
घंटे तो ग्रामीण इलाकों में दो से तीन घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है। इससे
आम जन त्राहि त्राहि कर रही है।
एक्सईएन ने आश्वासन दिया कि उनकी मांग को
शासन स्तर तक भेज दिया जाएगा। इस दौरान आलोक सिंह, भानु तिवारी, सोनू
चौहान, सुनील विश्वकर्मा, सहेन्द्र पटेल, गोविंद केशरी, विकास सिंह आदि
रहे।
उधर सकलडीहा संवाददाता के अनुसार तहसील मुख्यालय पर अघोषित बिजली
कटौती से नाराज होकर अधिवक्ताओं ने अधिशासी अभियंता का पुतला दहन किया।
चेतावनी दी कि यदि आपूर्ति व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे सड़क पर उतरेंगे। इस
मौके पर हुई सभा में वकीलों ने कहा कि हर माह समय से बिजली बिल जमा हो रहा
है।
बावजूद इसके समय से बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। स्थिति यह है कि
बिजली आपूर्ति का कोई शेड्यूल ही नहीं रह गया है। जिससे लोगों का रात में
सोना मुश्किल हो गया है।
इस अवसर र अरुण कुमार, नितिन तिवारी, श्यामजी
प्रसाद, प्रभुनाथ पाठक, सच्चिदानन्द सिंह, मनोज पाण्डेय, प्रेमशंकर मौर्या,
दीनानाथ, राजेश, सुरेन्द्रकांत मिश्रा, अनिल दुबे, रमाकांत पाण्डेय आदि
रहे।