लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती से आजिज आए लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया। विभाग को चेताया भी यदि उसने अपनी कार्य प्रणाली में सुधार नहीं किया और लापरवाही पर अंकुश नहीं लगाया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
नाराज लोगों ने शनिवार को कैलाशपुरी में बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि बिजली विभाग द्वारा रोस्टर को ताक पर रखकर मनमाने ढंग से कटौती की जा रही है। वहीं आपूर्ति बाधित होने व लोकल फाल्ट के चलते हो रही कटोती के बाद लोगों को मात्र तीन से चार घंटे ही बिजली नसीब हो रही है।
ऐसे में इस भीषण गर्मी में जीना मुश्किल हो गया है। वहीं बिजली के अभाव में कारोबार भी चौपट हो रहा है। तो रात को नींद पूरी न होने के चलते लोग अनिद्रा के शिकार हो रहे हैं। दिनचर्या प्रभावित हो रही है सो अलग। कहा कि कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई। लेकिन हुआ कुछ नहीं। प्रदर्शन करने वालों में अजय तिवारी, डब्बा तिवारी, राकेश तिवारी, दयाशंकर सिंह गांधी, प्रदीप, सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।
धानापुर संवाददाता के अनुसार, कस्बा के लोगों ने कटौती को लेकर उपकेंद्र प्रदर्शन किया। घंटाभर चले प्रदर्शन में दो कर्मचारियों को बंधक भी बनाया। प्रभाकर मिश्र, संतोष मिश्र, सुशील मिश्र, टुट्टू आदि ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जहां 12 घंटे आपूर्ति का रोस्टर है वहीं मात्र चार घंटे बिजली मिल रही है।
उन्होंने प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों रत्नेश और अजीत को बंधक बना लिया। अधिशासी अभियंता एमके सिंह के आपूर्ति सुधारने के आश्वासन पर धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ। सिंह ने बताया कि जितनी आपूर्ति की जा रही है उतनी दी जा रही है। उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
उधर, सुर सरिता समिति के तत्वावधान में आयोजित समर कैंप में शामिल बच्चों ने बिजली कटौती के खिलाफ शनिवार को जुलूस निकाला। जुलूस में शामिल बच्चे अपने हाथों में बिजली कटौती बंद करो, अधिकारियों की मनमानी नहीं चलेग आदि नारे लिखी तख्यितां लेकर चल रहे थे। जुलूस में कुमारी काजल, मुश्कान, स्नेहा, अंजली, अंकिता, नेहा, डाली मौजूद रहीं।