मुख्य विकास अधिकारी जगदीश सिंह ने बुधवार को सदर ब्लाक परिसर का निरीक्षण
किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारी आवासों की स्थिति को देखा।
साथ
ही परिसर में खाली पड़ी भूमि पर अतिथि गृह, शौचालय व दूकानों के निर्माण के
बाबत बीडीओ सदर से प्रस्ताव मांगा। उन्होंने बीडीओ को निर्देश दिया कि
दूसरे ब्लाकों में तैनात कर्मियों का आवास तत्काल खाली कराएं। साथ ही परिसर
की दीवार को तोड़कर बनाए गए रास्ते को तत्काल बंद कराएं।
सीडीओ ने कहा
कि दूसरे ब्लाकों में तैनात कर्मचारी जो अभी भी सदर ब्लाक के कर्मचारी
आवासों में अपना कब्जा जमाए हैं, उनसे तत्काल आवास खाली कराया जाए।
यदि वे
आदेश मानने में आनाकानी करते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई करें। बीडीओ सदर
आनंद प्रकाश को निर्देश दिया कि ब्लाक परिसर के पिछले हिस्से में दीवार
तोड़कर बनाए गए रास्ते को तत्काल बंद किया जाए, जिससे स्थानीय लोगों की
आवाजाही ब्लाक परिसर से न होने पाए।
कहा कि ब्लाक परिसर में पर्याप्त खाली
जमीन पड़ी है। बीडीओ को निर्देश दिया कि खाली पड़ी जमीन पर क्षेत्र पंचायत
द्वारा अतिथि गृह निर्माण के लिए तत्काल प्रस्ताव तैयार करके प्रेषित करें।
इसके अलावा सीडीओ ने ब्लाक परिसर में शौचालय व दुकानों के निर्माण की
बात कही।