आधी रात को गिरजाघरों के घंटे बज उठे। इसी के साथ प्रभु यीशु मसीह ने जन्म लिया तो ईसाई समुदाय खुशी से झूम उठा। आधी रात को मीसा पूजन हुआ। बाद में समुदाय के लोगों ने एक दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी। इसके साथ ही रातभर लोग आतिशबाजी कर खुशी का इजहार करते रहे। दुल्हन की तरह सजे कैथोलिक चर्च में यीशु के जन्म के गीत गाए गए। गिरजाघर में सजी यीशु मसीह के जन्म की झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।
नगर के यूरोपियन कालोनी स्थित कैथोलिक चर्च में शनिवार को दिन भर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। पूरे चर्च को दुल्हन की तरह सजाया गया। रात दस बजे से 12 बजे तक मीसा पूजन किया गया। रात 12 बजते ही लोगों ने एक दूसरे को प्रभु येसु के जन्म की बधाइयां दी और कैरोल गीत गाए। फादर विपिन सीजे ने बताया कि रविवार की सुबह आठ बजे से विशेष प्रार्थना की जाएगी। रविवार को क्रिसमस के मौके पर मेला लगेगा। शनिवार को इसकी तैयारियां होती रही। यहां भव्य चरनी की झांकी सजायी गई है।
फादर विपिन सीजे ने कहा कि क्रिसमस संसार के लिए ईश्वर के असीम प्रेम का संदेश देता है। प्रभु येशु ने पाप के अंत के लिए सूली पर चढ़ गए। चंदौली के मुख्यालय स्थित श्री परमहंस स्वामी कान्वेंट स्कूल में शनिवार को क्रिसमस की पूर्व संध्या पर विद्यालय के बच्चों द्वारा झांकी का आयोजन किया गया। कुछ बच्चों ने सेंटा क्लाज का रूप धारण कर साथी छात्रों में टाफियां व उपहार वितरित किया गया।चकिया के डालिम्स सनबीम चकिया में क्रिसमस की पूर्व संध्या पर क्रिसमस-डे का आयोजन किया गया। इस दौरान सांता क्लाज ने बच्चो में टाफियां बांटकर क्रिसमस की बधाई दी।मुगलसराय के लक्ष्मी पब्लिक स्कूल में क्रिसमस का पर्व धूम धाम से मनाया गया। इस दौरान बच्चों ने सांता क्लाज के वेश मे लोगों को लुभाया। इसके पूर्व कार्यक्रम की शुरूआत प्रधानाचार्य बिंदू प्रकाश सिंह ने की। जैपुरिया स्कूल्स बनारस में प्रभु यीशु के जन्मोत्सव को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान बच्चों को प्रभु येसु के जीवन चरित्र से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम की शुरूआत निदेशक मनोज बजाज ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। शहाबगंज। प्रतिनिधि के अनुसार, सेंट जार्ज पब्लिक स्कूल में क्रिसमस के पूर्व संध्या में खेल प्रतियोगितएं आयोजित की गईं।