रमजान माह में अलविदा की नमाज शुक्रवार को पूरी अकीदत के साथ जिले के विभिन्न मसजिदों में अदा की गई। जिसमें हजारों लोगों ने देश व समाज में अमन चैन के लिए दुआ मांगी। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक दूसरे के गले मिलकर ईद की बधाई दी। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। इसके साथ ही घरों व बाजारों में ईद की तैयारियां तेज हो गईं। शाम को बाजार में काफी चहल पहल रही।
नगर में जामा मस्जिद में जीटी रोड पर नमाज अदा की गई। जामा मस्जिद में दोपहर में मुहम्मद जाहिद हुसैन की देखरेख में नमाज अदा की गई। यहां सड़क पर नमाज अदा किए जाने की वजह से दक्षिणी पटरी पर यातायात रोक दिया गया और सड़क को वन वे कर दिया गया। वाराणसी की ओर से आने वाले वाहनों को नई सट्टी से मोड़ दिया गया। जामा मस्जिद पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह और एसडीएम सत्येन्द्र सिंह ने भी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में 29 स्थानों पर अलविदा की नमाज अदा की गई। कसाब महाल, मुस्लिम महाल, मीनारा मस्जिद, सेमरा, कटेसर, नाथूपुर, जलीलपुर, मढ़िया, बहादुरपुर, प्लांट डिपो, चंदासी, मिल्कीपुर, गोपालपुर, हमीदपुर, मन्नापुर, मलोखर, दुलहीपुर, महाबलपुर, सतपोखरी, हिनौली, नई बस्ती, पथरा, सहजौर में अलविदा की नमाज अता की गई। चहनियां प्रतिनिधि के अनुसार टांडाकला, मारुफपुर, नदेसर, नैढी, तिरगांवा, सढ़ान, नादी की मस्जिदों नमाज अदा की गई। धानापुर संवादाता के अनुसार धानापुर स्थित पठान टोली जामा मस्जिद, धाना शहीद मस्जिद में क्रमश: मोहम्मद शकील मदनी व हाफिज इलियास की इमामत में नमाज अदा की गई। चकिया नगर स्थित कादरिया जामा मस्जिद में इमाम सद्दाम हुसैन के पीछे नमाज अदा की गई। वहीं मुजफ्फरपुर, अमरा, भीषमपुर, सिकंदरपुर, पुरानी चकिया, नेवाजगंज, शिकारगंज, करवदियां सहित तमाम मस्जिदों में अलविदा की नमाज अदा की गई। शहाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार नमाज अदा की गई। नमाज के बाद अकीदतमंदों ने अल्लाह तआला से मुल्क में अमन-चैन व भाईचारे की दुआ की। शहाबगंज कस्बा स्थित जामा मस्जिद में नमाजियों की भीड़ खुतबे की अजान से पहले ही उमड़नी शुरू हो गई। 12 बजकर 30 मिनट पर होने वाले अजान से पहले मस्जिद नमाजियों से खचाखच भर गई। गांव-गिरांव के मस्जिदों में भी यही दृश्य देखने को मिला। नमाजियों की तादाद के सबब मस्जिदों में जगह कम पड़ गई। उधर, सिकंदरपुर, भीषमपुर, बेलावर, नेवाजगंज, सरैया बसाढ़ी, इलिया, पखनपुरा, किड़िहिरा, जमोखर, केरायगांव, एकौना, अमरसीपुर, ठेकहां, बरहुआं आदि मुस्लिम बाहुल्य गांवों में खूब रौनक देखने को मिली। इन गांवों के मस्जिदों में रोजेदार नमाजियों ने जुमे की नमाज अदा की। इस दौरान मस्जिद के आसपास काफी रौनक रही। सैयदराजा प्रतिनिधि के अनुसार कस्बा समेत क्षेत्र के सभी मस्जिदों में पूरी अकीदत के साथ अलविदा की नमाज पढ़ी। कमालपुर, नियायमताबाद, दुलहीपुर, पड़ाव, कंदवा, बबुरी शिकारगंज आदि क्षेत्र में लोगों ने नमाज पढ़ी।