पीडीडीयू नगर। केंद्र सरकार की घर-घर बिजली पहुंचाने की सौभाग्य योजना का लक्ष्य पूरा करने के लिए जिले में बिजली विभाग ने ठेकेदारों के माध्यम से कनेक्शन तो दे दिए गए लेकिन अब उन्हीं कनेक्शनधारकों को गलत बता कर बिजली काट दी जा रही है। यही नहीं कनेक्शन धारकों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जा रहा है। जिले में पांच सौ उपभोक्ताओं को बकायादार बताकर कनेक्शन काट दिया गया। वहीं दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सौभाग्य योजना के तहत लगभग 75 हजार घरों को नए कनेक्शन दिए गए हैं। उपभोक्ताओं के घर कनेक्शन देने के बाद मीटर भी लगा दिया गया लेकिन कागजी कार्रवाई पूरी करने में विभाग पीछे रह गया। इससे जहां उपभोक्ताओं को कई माह का बिजली बिल नहीं मिला है। वहीं ठेकेदारों ने मीटर का कागज भी नहीं दिया है। उपभोक्ताओं को एक वर्ष बाद अचानक दस से 15 हजार रुपये का बिजली बिल थमाया जा रहा है। इससे उपभोक्ताओं के होश उड़ जा रहे हैं। यही नहीं जिन घरों में मीटर लगा है और कागज नहीं मिला है। ऐसे घरों में पहुंच कर बिजली विभाग के अधिकारी मीटर उखाड़ ले रहे हैं और उपभोक्ताओं के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करा रहे हैं। उपभोक्ताओं की माने तो उन्होंने कनेक्शन के लिए आवेदन दिया था और इसके आधार पर मीटर लगा। ऐसे में वे गलत कैसे हो गए। अचानक दस से 15 हजार रुपये का बिल कैसे वे चुका पाएंगे। बिल न चुकाने पर कनेक्शन काटे जा रहे हैं।
कार्रवाई उनके खिलाफ ही की जा रही है जिन लोगों ने पुराने मीटर के बिल का भुगतान किए बिना योजना के तहत नया मीटर लगवा लिया है। इसके अलावा गरीबी रेखा के ऊपर के उपभोक्ताओं का मीटर निकाला जा रहा है। योजना गरीबी रेखा से नीचे के लाभार्थियों के लिए है। प्रवीन कुमार सिंह, एक्सईएन, विद्युत वितरण उपखंड, मुगलसराय।
केस- एक- पीडीडीयू नगर के काली महाल निवासी निर्मला देवी को एक वर्ष पहले सौभाग्य योजना के तहत कनेक्शन दिया गया। मीटर भी लगा दिया गया लेकिन न कोई कागज मिला और न ही बिल आया। एक माह पहले अचानक डेढ़ लाख रुपये का बिल आ गया। निर्मला देवी कहती हैं कि उनकी समझ में नहीं आ रहा है कि वे कहां से इतना बिल जमा करे। यही नहीं विभाग के अधिकारी कर्मचारी बार बार बिल न जमा करने पर मुकदमा दर्ज करने की धमकी दे रहे हैं।
पीडीडीयू नगर के काली महाल निवासी पद्मावती देवी ने पांच माह पहले सौभाग्य योजना के तहत कनेक्शन के लिए आवेदन किया। इसके बाद आनन फानन में कनेक्शन मिल गया, लेकिन कोई कागज नहीं मिला। एक सप्ताह पहले बिजली चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने न सिर्फ मीटर उखाड़ लिया बल्कि बिजली चोरी में मुकदमा भी दर्ज करा दिया।
पीडीडीयू नगर के काली महाल निवासी संजय कुमार ने दो माह पहले सौभाग्य योजना के तहत कनेक्शन लिया लेकिन उसे कोई कागजात नहीं मिला। एक सप्ताह पहले बिजली विभाग के अधिकारियों ने चेकिंग में इसे गलत बता कर मीटर उखाड़ कर ले गए और अब मुकदमा दर्ज करने की धमकी दे रहे हैं।