पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के डांडी गांव के समीप सड़क किनारे स्थित एक खाली प्लाट में सिर कूंचकर युवक की हत्या के मामले में पुलिस आरोपियों के काफी करीब पहुंच गई है। उम्मीद है कि पुलिस इस मामले का खुलासा शुक्रवार को कर सकती है।
बता दें कि मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत डांडी गांव के पास सड़क किनारे स्थित एक खाली प्लाट में एक युवक का शव मिला था। युवक का सिर पर वार किया हुआ था। पुलिस की छानबीन में युवक की पहचान वाराणसी के कोतवाली थाना क्षेत्र के ब्रह्मा घाट क्षेत्र निवासी विक्की शर्मा (35) पुत्र विश्वनाथ शर्मा के रूप में हुई। परिवार वालों के अनुसार मृतक चौक थाना क्षेत्र के ठठेरी बाजार स्थित एक सराफा की दुकान पर काम करता था । सूत्रों के अनुसार हत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए वाराणसी, पड़ाव व पीडीडीयू नगर से संदेह पर कई लोगों को पूछताछ के लिए उठाई है। पूछताछ में पुलिस के हाथ कई साक्ष्य लगे हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले के खुलासे के करीब पहुंच गई है। सीओ सदर रामवीर सिंह ने बताया कि युवक की हत्या के मामले में जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।