पुलिस, पीएसी के जवानों ने रविवार को इलाके के जंगलों में कांबिंग की। वनवासियों से पूछताछ करते हुए आपराधिक गतिविधियों की टोह ली गई। पुलिस ने लोगों को भयमुक्त माहौल का अहसास कराया। कहा कि किसी भी तरह की संदिग्ध सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार और सीओ नक्सल श्रुति गुप्ता के नेतृत्व में दोपहर बाद पुलिस और पीएसी के जवानों ने जंगल के बीच रास्ते से होते हुए पैदल चलकर कांबिंग की। नक्सली और आपराधिक गतिविधियों की जानकारी लेने के लिए पुलिस और पीएसी के जवानों ने नौगढ़ थानाक्षेत्र के कहुअवाघाट, चिकनी, औरवाटाड़ के जंगलों में पशु अड़ार, गुफाओं, जलस्रोतों पर पहुंचकर जांच की। अभियान के दौरान जवानों ने जंगलों में बसे वनवासियों से संदिग्ध व्यक्तियों के आने-जाने के बारे में पूछताछ की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अगर कोई भी संदिग्ध व्यक्ति नजर आए तो सरकारी नंबरों पर या 112 पर कॉल करके तुरंत सूचित करें। पुलिस जंगली रास्ते से झाडि़यों में प्रवेश करने के बाद पहाड़ी रास्तों पर पहुंची। सीओ नक्सल श्रुति गुप्ता ने वनवासी महिलाओं को कोविड से बचाव को लेकर जागरूक किया। कहा बाजार, राशन की दुकानों पर या बैंकों में जाते समय मास्क जरूर लगाएं। अपने घरों के आसपास साफ सफाई रखें और हाथों को अच्छी तरह से धोकर ही भोजन करें। कांबिंग अभियान में थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह सहित पुलिस और पीएसी के जवान रहे।