थाना क्षेत्र के एक गांव से पिछले दिनों एक किशोरी को बहला-फुसलाकर बिहार का एक युवक भगा ले गया था। पुलिस ने आरोपी युवक व किशोरी को पकड़ लिया है। पुलिस किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण कराकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।
थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली एक किशोरी को भभुआ जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के सिरबिट गांव का निवासी विपिन बहला फुसलाकर भगा ले गया था। सात फरवरी को किशोरी अपने घर से भोर में शौच के बहाने निकली और लापता हो गई। परिजनों ने किशोरी की काफी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। किशोरी के भाई ने पुलिस चौकी अमदहां में पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तब से पुलिस लगातार किशोरी को ढूंढने की कोशिश कर रही थी। काफी भागदौड़ के बाद शुक्रवार को सूचना पर चौकी इंचार्ज अनंत भार्गव ने किशोरी को मझगांई (सरहसताल) मोड़ पर विपिन नामक युवक के साथ पकड़ लिया। दोनों मिर्जापुर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। थानाध्यक्ष जितेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।