प्राथमिकी में महिला जिला अध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल ने अपने साझेदार समेत कई लोगों पर लाठी, डंडा और लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने, बच्चों की पिटाई करने तथा सोने के आभूषण लूटने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़िता का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है, जहां डॉक्टरों ने उसके शरीर में कई जगह फ्रैक्चर होने की पुष्टि की है।
मड़िया पड़ाव निवासी गार्गी सिंह पत्नी सुजीत कुमार सिंह ने मुगलसराय थाना प्रभारी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि गुरुवार सुबह करीब नौ बजे वह अपने घर में घरेलू कार्य कर रही थीं। इसी दौरान उनके जमीन कारोबार के साझेदार प्यारे मामा निवासी सूजाबाद पड़ाव उनके घर पहुंचे। आरोप है कि लगभग दस मिनट बाद प्यारे मामा के परिजन उर्मिला यादव, अमित यादव, मनोज यादव तथा मोनी यादव समेत अन्य लोग घर में घुस आए और अचानक हमला बोल दिया।
पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से लाठी, डंडा और लोहे की रॉड से बुरी तरह पीटा। बाल पकड़कर घर में घसीटा गया और शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें पहुंचाई गईं। गार्गी सिंह ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके गले से सोने की चेन और लकेट, कान की बाली तथा नाक की पिन भी छीन ली गई। इतना ही नहीं, घर में मौजूद छोटे बच्चों प्रतिज्ञा सिंह और प्रगति सिंह के साथ भी मारपीट की गई।
पीड़िता ने दावा किया है कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को मुगलसराय राजकीय अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पीड़िता ने सभी आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, मारपीट, लूट और षड्यंत्र समेत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। सीओ अरुण सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।