फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandauli News: फुटपाथ पर बन गए पुलिस सहायता केंद्र, 100 से ज्यादा अवैध दुकानें और राजनीतिक दल का कार्यालय

विज्ञापन
चकिया तिराहे पर फुटपाथ पर बनी दुकानें। संवाद
विज्ञापन
पीडीडीयू नगर। नगर में सड़क चौड़ीकरण के बाद फुटपाथ पर अतिक्रमण का सिलसिला शुरू हो गया है। अलग-अलग स्थानों पर पुलिस सहायता केंद्र से लेकर राजनीतिक दल कार्यालय और सैकड़ों दुकानें, ठेले-खोमचे फुटपाथ पर सज गए हैं। कई जगह पक्के निर्माण कराए गए हैं। फुटपाथ अतिक्रमण के कारण लोगों को सड़क पर चलना पड़ रहा है।
विज्ञापन

नगर के फुटपाथ पर कई जगह अवैध निर्माण प्रशासनिक अधिकारियों तथा पुलिस की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में हुआ है। अलीनगर में थाना और पुलिस सहायता केंद्र के आसपास फुटपाथ पर दुकानें सज रही हैं तो चकिया तिराहे पर पुलिस सहायता केंद्र ही फुटपाथ पर बना दिया गया है। जीटीआर ब्रिज के पास फुटपाथ से सटाकर सपा के कार्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं, सब्जी मंडी से नई बस्ती तक दोनों तरफ फुटपाथ ठेले-खोमचे और दुकानों के कब्जे में है।

दृश्य-1 : चकिया तिराहे पर पुलिस सहायता केंद्र, आधा हिस्सा वाहनों की जद में
सिक्सलेन के निर्माण के दौरान चकिया तिराहे पर बना पुलिस सहायता केंद्र ध्वस्त किया गया था। अब फुटपाथ पर ही नया पुलिस सहायता केंद्र बना दिया गया। केंद्र का एक हिस्सा पीछे की ओर है, जबकि आधा हिस्सा फुटपाथ पर बना हुआ है। इसके सामने पुलिसकर्मियों की बाइक और अन्य वाहन खड़े रहते हैं। बचा हुए फुटपाथ पर पुलिसकर्मी कुर्सियां लगाकर बैठते हैं। ऐसे में पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ पर जगह ही नहीं बचती।
विज्ञापन


दृश्य-2 : फुटपाथ से सटाकर बन रहा सपा कार्यालय
जीटीआर ब्रिज के पास सड़क चौड़ीकरण के दौरान सपा के कार्यालय को ध्वस्त कर दिया गया था। बताया गया था कि कार्यालय पीडब्ल्यूडी की जमीन पर बना था। सड़क बनने के बाद नाले के ऊपर फुटपाथ के रूप में विकसित किया गया। अब यहां फुटपाथ से सटाकर पिलर खड़े कर सपा के नए कार्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। इससे सवाल उठता है कि जिस स्थान को पैदल चलने के लिए विकसित किया गया है, वहां दोबारा निर्माण की अनुमति कैसे दी गई।


दृश्य-3 : 400 मीटर पर 50 से ज्यादा दुकानें, थाने के सामने भी कब्जा
अलीनगर क्षेत्र में जीटीआर ब्रिज से उतरते ही दाहिनी ओर 400 मीटर लंबे फुटपाथ पर 50 से ज्यादा दुकानों के निर्माण की बात सामने आई है। दुकानों के स्थायी ढांचे खड़े कर दिए गए हैं। यह स्थल अलीनगर थाने से करीब 400 मीटर की दूरी पर है, जबकि एक पुलिस सहायता केंद्र भी है। इसके बावजूद फुटपाथ पर सब्जियाें अनाज समेत अन्य दुकानें सज जाती है। इससे पैदल चलने के लिए जगह नहीं बचती। व्यस्त मार्ग होने के कारण सड़क पर पैदल चलना हादसे का कारण बन सकता है।

दृश्य-4 : सब्जी मंडी से नई बस्ती तक सबसे ज्यादा अतिक्रमण
सब्जी मंडी से नई बस्ती तक करीब एक किलोमीटर तक फुटपाथ की स्थिति सबसे खराब है। यहां फुटपाथ पर 100 से ज्यादा दुकानें, ठेले और खोमचे लगे हुए हैं। सुबह से देर शाम तक यह इलाका अस्थायी बाजार में तब्दील रहता है। इस मार्ग पर दिनभर वाहनों का दबाव रहता है। ऐसे में सड़क पर पैदल चलने वाले लोगों को हादसे का डर सताता रहता है। एक साल पहले अवैध दुकानों, ठेले और खोमचों को हटाने के लिए अभियान चलाया गया था। कार्रवाई के महज चार दिन बाद ही फिर से अतिक्रमण हो गया।

इनसेट
-
दुकानें और ठेले लग जाने से फुटपाथ पर पैदल चलना मुश्किल हो गया है। लोगों को मजबूरी में सड़क पर उतरकर आना-जाना पड़ता है। प्रशासन को फुटपाथ खाली कराकर नियमित निगरानी करनी चाहिए। - रामजी, सकलडीहा रोड

फुटपाथ पर जगह-जगह उस पर दुकानें चल रही हैं और सामान रख दिए गए हैं। कई जगह स्थायी निर्माण भी हो रहे हैं। अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद फुटपाथ पर अतिक्रमण किया जा रहा है। - अशोक पाल, हृदयपुर

अलीनगर और नई बस्ती की तरफ सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ पर दुकानें और ठेले लगने से पैदल निकलने की जगह नहीं बची है। तेज रफ्तार वाहन चलने से हादसे का डर बना रहता है। - रामफल चौहान, बिछड़ी
-
अभियान चलाने के कुछ दिन बाद फिर दुकानें और ठेले लग जाते हैं। प्रशासन को स्थायी व्यवस्था बनानी चाहिए और फुटपाथ पर दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। - अशोक यादव, सरेसर

आंकड़ों में अतिक्रमण
- 4 प्रमुख स्थानों पर फुटपाथ पर अतिक्रमण/निर्माण की स्थिति सामने आई।
- 50 से अधिक दुकानें जीटीआर ब्रिज से अलीनगर की ओर करीब 400 मीटर के फुटपाथ पर।
- 100 दुकानें, ठेले और खोमचे सब्जी मंडी से नई बस्ती तक करीब एक किलोमीटर में।
- 400 मीटर लंबा फुटपाथ अलीनगर में अतिक्रमण की जद में।
- 1 किलोमीटर मार्ग पर दोनों तरफ फुटपाथ पर दुकानदारों का कब्जा।
- 1साल पहले अतिक्रमण हटाने के लिए चलाया गया था अभियान।
-
कोट-
फुटपाथ पर सपा कार्यालय का निर्माण कार्य रोक दिया गया है। नगर में सभी क्षेत्रों में जांच कराई जाएगी। जहां भी फुटपाथ पर अतिक्रमण पाया जाएगा, उसे हटवाया जाएगा। - राजेश कुमार वर्मा, एसडीएम, पीडीडीयू नगर
विज्ञापन



ं

चकिया तिराहे पर फुटपाथ पर बनी दुकानें। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें