पीडीडीयू नगर। अलीनगर से पंचफेड़वा तक चार किलोमीटर जीटी रोड पर गड्ढों की भरमार हो गई है। आलम यह है कि कई जगह सड़क की एक ही लेन पर दोनों ओर के वाहन चल रहे हैं। कहीं-कहीं तो रोड पगडंडी बन गई है। इससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। करीब छह माह पहले पीडब्ल्यूडी ने सड़क पर बने गड्ढों को भरने के लिए 36 करोड़ रुपये की कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी थी पर अभी तक धन नहीं मिल पाया है।
मुख्यालय को नगर से जोड़ने वाली जीटी रोड की दशा वैसे तो पड़ाव से पंचफेड़वा तक दयनीय बनी हुई है पर अलीनगर से पंचफेड़वा तक की स्थिति बहुत ही खराब हो गई है। सड़क के करीब चार किलोमीटर के हिस्से पर गड्ढों की भरमार है जिससे आवागमन करना जोखिमभरा साबित हो रहा है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण इसपर बचकर चलने के बाद भी लोग गिरकर चोटिल होते रहते हैं। चकिया त्रिमुहानी से आगे बढ़कर जैसे ही अलीनगर क्षेत्र में लोग प्रवेश करते हैं, सड़क पर बने गड्ढों के कारण उनके वाहन की रफ्तार धीमी हो जाती है। इसके अलावा मुख्यालय के वाराणसी में रहने वाले कई आला अधिकारियों का भी प्रतिदिन इसी सड़क से आवागमन होता है लेकिन किसी का ध्यान सड़क के इस हिस्से को बनवाने की ओर नहीं जा रहा है।