चंदौली। विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को जिले में 6.42 लाख पौधे रोपे गए। वसुंधरा की गोद में मां के नाम वाले पाैधे खिलखिला उठे। कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण अभियान का शुभारंभ भाजपा की राज्यसभा सांसद साधना सिंह और दर्शना सिंह ने आम का पौधा रोपकर किया।
इस दौरान दोनों सांसदों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे का रोपण करने का आह्वान किया। कहा की पर्यावरण को सुरक्षित रखने के साथ-साथ स्वस्थ रहने के लिए हमारे जीवन में वृक्षों का अमूल्य योगदान है। जीवन को सुरक्षित रखने के लिए हम सब अधिक से अधिक पेड़ लगाए और उसकी देखभाल भी करें।
मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साईं ने बताया कि जिले भर में पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि इसमें अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित हो।
इस मौके पर सीडीओ के साथ प्रभागीय वनाधिकारी बी शिव शंकर ने भी फलदार पौधे लगाए गए। डीएफओ बी शिवशंकर ने बताया कि जिले में वन विभाग ने 1. 64 लाख, ग्राम्य विकास विभाग ने 3.20 लाख , पंचायती राज विभाग ने 2. 20 लाख, कृषि विभाग ने 80 हजार, उद्यान विभाग ने 53 हजार एवं नगर विकास विभाग ने 3000 पौधे लगाए।
नौगढ़ में काशी वन्य जीव प्रभाग के तहत जयमोहनी एवं मझगाई रेंज में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया गया।
इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष सर्वजीत सिंह खरवार ने सागौन का पौधा रोपा। जयमोहनी रेंज के झुमरिया रोपावनी तथा मझगाई रेंज के चकरघट्टा (प्रथम) रोपावनी स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेन्द्र साहनी, रामवृक्ष कोल, मंडल उपाध्यक्ष अरविंद तिवारी, मंडल मंत्री राजेन्द्र यादव ने पौधरोपण किया।
इसी तरह नौगढ़ रेंज के देवखत स्थित महर्षि सेवा संस्थान में 25 पौधे लगाए गए। इस मौके पर पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र साहनी, शाहपुर ग्राम प्रधान कृष्ण कुमार जायसवाल, रामवृक्ष कोल,वन दरोगा गुरुदेव, राजेंद्र सोनकर आदि मौजूद रहे। राजदरी में चकिया वन क्षेत्र के अंतर्गत जमसोती, गोढ़टूटवा सहित विभिन्न स्थानों पर वन विभाग की टीम और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।