सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में जेवरियाबाद छलका से घोसवा गांव तक 94 लाख रुपये की लागत से करीब दो किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जा रहा है। सड़क बन जाने से 12 गांव के करीब 11 हजार लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वर्तमान में सड़क पर गिट्टी बिछाने का काम पूरा कर लिया गया है। अब पिच रोड बनाई जाएगी। इसके अलावा पाइप डालने का काम भी लगभग पूरा कर लिया गया है। अब पक्की सड़क का निर्माण शीघ्र पूरा किया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड की ओर से तैयार की गई कार्ययोजना को शासन की स्वीकृति मिलने के बाद सड़क बनाई जा रही है। विगत 10 वर्षों से सड़क खड़जे की है। सड़क पर खड़ंजा भी टूट गया है। कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं।
सड़क बन जाने से जेवरी, घोसवा, रेवसा, पुरवा, बनसिंहपुर, मचवा, इमिलिया सहित 12 गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। कार्ययोजना के अनुसार सड़क की चौड़ाई भी तीन से बढ़ाकर साढ़े पांच मीटर की जाएगी। राजेश कुमार, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी, प्रांतीय खंड ने कहा कि सड़क की मरम्मत शासन की अनुमति मिलने के बाद कार्य आरंभ करा दिया गया है। सड़क पर गिट्टी बिछाने का काम पूरा हो गया है। शीघ्र पिच रोड तैयार करा दी जाएगी।