कंदवा। सैयदराजा जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग 24 पर सोमवार की भोर में करीब चार बजे कंजेहरा गांव के पास टमाटर लदी पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। पिकअप पलटने से हजारों रुपए मूल्य का टमाटर नष्ट हो गया। मौके पर जुटे लोगों ने किसी तरह चालक को बाहर निकाला। संयोग अच्छा था कि चालक बाल बाल बच गया।
थाना क्षेत्र के कंजेहरा गांव निवासी चालक पंकज यादव (26) राबर्ट्सगंज से पिकअप में टमाटर लादकर जमनिया जा रहा था। अभी वह कंजेहरा गांव के पास पहुंचा था कि कोहरे के कारण पिकअप अनियंत्रित गई और सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। मौके पर राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। ग्रामीणों के सहयोग से चालक को पिकअप से निकाला गया। संयोग अच्छा था कि दो पलटी मारने के बाद भी चालक को कोई चोट नहीं लगी और वह बाल बाल बच गया। मौके पर जुटे लोग इसे किसी दैवी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं । संवाद