राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के बैनर तले कर्मचारियों ने गुरुवार की दोपहर
सदर ब्लाक परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने मांगों
को लेकर सरकार के खिलाफ हुंकार भरी। साथ ही चेताया कि जब तक मांगें पूरी
नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।
इस मौके पर कर्मचारी नेता
महेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि नई पेंशन व्यवस्था की जगह पुरानी पेंशन
व्यवस्था को लागू किया जाए। सेवानिवृत्ति पर एक साथ नकद भुगतान किया जाए।
साथ ही फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों को वाहन भत्ता मुहैया कराया जाए। आठ,
16 व 24 वर्षों की सेवा में तीन पदोन्नति की व्यवस्था की जाए। संयोजक आनंद
मिश्रा ने कहा कि हम सभी कर्मचारियों को एकजुट होकर अपने हक के लिए आर-पार
की लड़ाई लड़नी होगी। कई बार मांगों को लेकर सड़क से लेकर विधानसभा तक
संघर्ष किया गया, लेकिन सरकार ने आश्वासन देकर कर्मचारियों को टरका दिया।
अबकी बार कर्मचारी अपना हक लेकर रहेंगे। अंत में कर्मचारियों ने
मुख्यमंत्री के नाम संबोधित दस सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम सदर गिरीश कुमार को
सौंपा।
इसके बाद नगर में मशाल जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर
पर राकेश कुमार सिंह, गुलाब पांडेय, रामप्रसाद, युगल किशोर चतुर्वेदी,
जितेंद्र कुमार, संतोष पांडेय, गीता तिवारी, बृजेश कुमार सिंह आदि उपस्थित
रहे। अध्यक्षता रामनगीना सिंह व संचालन अजीत कुमार सिंह ने किया।