पड़ाव के डोमरी में रिहर्सल के दौरान आसमान में उड़ते विमान। संवाद
पीडीडीयू नगर। गंगा की लहरें, आसमान में विमानों की गर्जना और तिरंगे के रंगों की छटा। वाराणसी के नमो घाट पर प्रस्तावित एयर शो से पहले बुधवार को हुए रिहर्सल में भारतीय वायुसेना के सारंग हेलिकाॅप्टरों ने हवाई करतब दिखाए।
गंगा पार चंदौली की ओर मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ विमानों की उड़ान देखी और मोबाइल में तस्वीरें व वीडियो कैद किए। हालांकि, रिहर्सल के दौरान राजघाट पुल पर वाहनों की आवाजाही रोके जाने से पड़ाव चौराहे और आसपास के मार्गों पर जाम की स्थिति भी बनी रही।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे नमो घाट के आसमान में विमानों की गतिविधियां तेज हुईं। सारंग हेलिकाॅप्टरों ने समन्वित उड़ान और आकर्षक हवाई करतबों का प्रदर्शन किया। हेलिकाॅप्टर से तिरंगा लहराने और आसमान में तिरंगे के रंग बिखेरते विमानों का दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। विमानों की गर्जना दूर तक सुनाई देती रही।
रिहर्सल देखने के लिए स्थानीय लोगों के साथ स्कूली छात्र-छात्राएं और आसपास के जिलों से आए लोग भी पहुंचे। बच्चे और युवा मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए।
पड़ाव के डोमरी में रिहर्सल के दौरान आसमान में उड़ते विमान। संवाद