देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को अच्छे दिनों के हसीन
सपने दिखाए, लेकिन उनकी नाकामी का एक साल पूरा हो चुका है। चूनाव पूर्व किए
गए वादों को पंख नहीं लग सके और देश की जनता महंगाई व केंद्र सरकार की गलत
नीतियों के चलते त्रस्त है।
उक्त बातें शहर कांग्रेस कमेटी के
अध्यक्ष रामजी गुप्ता ने सोमवार को काली महाल स्थित कैंप कार्यालय पर
प्रेसवार्ता के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने रेलभाड़े में व
पेट्रो पदार्थों के मूल्यों में इजाफा कर देश की गरीब व असहाय जनता पर
महंगाई का बोझ लाद दिया है।
वहीं सरकार के पास देश के अन्नदाताओं के लिए
कोई योजना नहीं है। जबकि मोदी सरकार ने अपने एक साल के कार्यकाल में
उद्योगपतियों को 40 हजार करोड़ रुपये का लाभ पहुंचाया है। कहा कि
प्रधानमंत्री को अभूतपूर्व कृषि संकट से जूझ रहे देश के किसानों से कोई
लेना-देना नहीं है।
सरकार भूमि अधिग्रहण बिल के जरिए किसानों की कृषि योग्य
भूमि उद्योगपतियों को देने पर तुली है। वहीं विश्व की सबसे महत्वाकांक्षी
गरीबों को रोजगार देने वाली मनरेगा योजना को खत्म करने पर सरकार विचार कर
रही है। इस अवसर पर मु. शाहिद, शाहिद तैसीफ, दयाशंकर सिंह गांधी, संतोष
तिवारी, सतपाल सिंह, दशरथ चौहान आदि मौजूद रहे।