पीडीडीयू नगर। स्कूल की गर्मी की छुट्टियां भी शुरू होने वाली है। इसको देखते हुए लोग जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, ऊटी और सेवेन सिस्टर राज्यों की सैर की योजना बना रहे हैं। प्रतिदिन पीडीडीयू जंक्शन से 50 से अधिक टिकट पहाड़ी क्षेत्रों के लिए कट रहे हैं।
इस वर्ष गर्मी ने अप्रैल माह में 122 वर्ष का रिकार्ड तोड़ दिया है। तन झुलसाती गर्मी में कुलर एसी भी काम नहीं कर रहा है। ऐसे में लोग ठंडे स्थानों पर जाना चाहते हैं। पिछले कुछ वर्षों में पर्यटन की ओर लोग आकर्षित हुए हैं और गर्मी के दिनों में लोग कश्मीर, कुल्लू मनाली, ऋषिकेश, हरिद्वार के साथ ही राजस्थान के माउंटआबू, तमिलनाडु के ऊटी, मध्यप्रदेश के पंचमढ़ी, सिक्किम,चेरापुंजी की सैर करते हैं। वर्ष 2020 में कोरोना के कारण ट्रेनों का परिचालन बंद हो गया। ऐसे में लोग घरों में कैद हो गए। पिछले वर्ष भी कोरोना के प्रकोप से लोग घरों में कैद हो गए। कोरोना का प्रभाव कम होने और ट्रेनों का परिचालन शुरू होने के बाद लोग घरों से निकलने लगे हैं। पं. दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन के रिजर्वेेशन काउंटर से प्रतिदिन पांच सौ से अधिक सीट रिजर्व होते हैं। इसमें पचास से अधिक जम्मू कश्मीर, देहरादून, काठगोदाम, अगरतल्ला सहित अन्य स्थानों के लिए टिकट लिए जा रहे हैं। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भी चार जोड़ी ग्रीष्मकालीन ट्रेनों की शुरूआत की है। बावजूद इसके पहाड़ी स्टेशनों की ओर जाने वाली ट्रेनों में सीट एक महीने तक नहीं है। इस संबंध में पं दीनदयाल उपाध्याय मंडल के जनसंपर्क अधिकारी धीरज कुमार ने बताया कि पहाड़ी स्टेशनों के लिए टिकटों की बिक्री बढ़ी है।