सकलडीहा। एक सप्ताह पहले जले बिजली के ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदले जाने से नाराज नई बाजार महेसुआ बाजार के लोगों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। लोगों ने पचखरी बिजली उपकेंद्र पर पहुंच कर विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि अविलंब जले ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदला गया तो वे सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे।
नई बाजार महेसुआ बाजार में लगा 63 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर पिछले एक सप्ताह से जला पड़ा है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि टोल फ्री नंबर और विद्युत निगम के अधिकारियों से शिकायत के बाद भी जले ट्रांसफाॅर्मर को नहीं बदला गया। इससे उन्हें उमस भरी गर्मी में परेशान होना पड़ रहा है। इस उमस भरी गर्मी में सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। प्रदर्शन में अनिल राजभर, बबलू गुप्ता, श्रीकांत, राजेश, रेहान, वकील, योगेंद्र, धर्मेंद्र, राजेंद्र, जितेंद्र, बलिराम, श्रीयेश आदि शामिल रहे। उधर, इस संबंध में विद्युत वितरण खंड तीन के अधिशासी अभियंता विपिन कुमार का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर जलने की जानकारी नहीं है। जले ट्रांसफाॅर्मर को बदलकर नया ट्रांसफाॅर्मर लगवाया जाएगा।