पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल की ओर से आयोजित पूर्व मध्य रेल अंतर मंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मैच में पीडीडीयू मंडल ने धनबाद मंडल को 7 विकेट से हरा दिया। इस तरह पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल अंतर मंडलीय क्रिकेट चैंपियन बना। मुख्य अतिथि पूर्व मध्य रेलवे क्रीड़ा संघ अध्यक्ष और प्रधान मुख्य अभियंता शैलेष वर्मा ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्राॅफी प्रदान किया।
विज्ञापन
यूरोपियन कॉलोनी स्थित बाकले खेल मैदान पर आयोजित फाइनल मुकाबले में पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए धनबाद मंडल ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 158 रन बनाए। टीम की ओर से पप्पू सिंह ने 52 गेंदों में 57 रन (3 छक्के, 4 चौके) की पारी खेली। पीडीडीयू मंडल की ओर से मंगल यादव ने 2 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीडीडीयू मंडल की टीम ने मात्र 18 ओवर 3 गेंद में 3 विकेट गंवाकर 161 रन बनाए और मैच को 7 विकेट से जीत लिया। मृत्युंजय यादव ने 44 गेंदों में 84 रन (6 छक्के, 5 चौके) की विस्फोटक पारी खेली, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उनके आक्रामक एवं सटीक स्ट्रोक प्ले ने टीम को दबाव मुक्त कर निर्णायक जीत दिलाई। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मृत्युंजय यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पूरे टूर्नामेंट में 250 रन बनाकर टॉप स्कोरर और 4 विकेट लेने वाले धनबाद मंडल के मनीष वर्धन मैन ऑफ द सीरीज रहे। इस अवसर पर मंडल क्रीड़ा संघ के अध्यक्ष सह मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना, एडीआरएम दिलीप कुमार, मंडल क्रीड़ा अधिकारी सह वरीय मंडल विद्युत अभियंता सुनील सिंह यादव, सीनियर डीपीओ उज्ज्वल आनंद आदि उपस्थित रहे। अंपायरिंग आरपी गुप्ता और हेमंत रॉय ने की जबकि स्कोरर आरके सिंह रहे। कमेंट्री अफजल हुसैन खान और अरविंद चतुर्वेदी ने की।