पीडीडीयू नगर। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने पं. दीनदयाल उपाध्याय पटना मेमू पैसेंजर को फिर से चलाने का निर्णय लिया, बुधवार से यह पैसेंजर ट्रेन फिर से चलेगी। इसके साथ ही पटना गया और आरा पटना मेमू स्पेशल ट्रेन भी बुधवार से ट्रैक पर दौड़ेगी। यह जानकारी पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि बुधवार से तीन जोड़ी मेमू स्पेशल ट्रेने चलाई जाएगी। इन पैसेंजर ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को कोविड-19 से बचाव के लिए जारी गाइड लाइन का अनुपालन करना होगा। बोले यह ट्रेन पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से सुबह 08.15 बजे खुलकर सभी छोटे-बड़े स्टेशन पर रुकते हुए 16.50 बजे पटना जंक्श्न पर पहुंचेगी।
इसी तरह पटना से मेमू स्पेशल दोपहर 12.35 बजे खुलकर सभी छोटे-बड़े स्टेशनों पर रुकते हुए रात 20.30 बजे पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी। इसी तरह पटना-गया-पटना मेमू पैसेंजर गया से प्रतिदिन सुबह 05.45 बजे खुलकर 08.35 बजे पटना पहुंचेगी। जबकि पटना से रात 22.00 बजे खुलकर 00.45 बजे गया पहुंचेगी। वहीं पटना-आरा-पटना मेमू पैसेंजर स्पेशल आरा से सुबह 07.05 बजे खुलकर 08.34 बजे पटना पहुंचेगी। यहां से वापसी में यह ट्रेन पटना से शाम 17.40 बजे खुलकर 19.30 बजे आरा पहुंचेगी।