पीडीडीयू नगर। डाला छठ की शुरूआत के पूर्व ट्रेनों में भीड़ दिखी। ट्रेनों में सवार होने और उतरने के लिए यात्रियों को मशक्कत करनी पड़ी। कुछ ट्रेनों में यात्री शौचालय में यात्रा करते दिखे।
आनंद विहार से पटना जा रही स्पेशल ट्रेन के शौचालय में यात्री दिखे। यही हाल इंदौर पटना एक्सप्रेस का था। यात्रियों ने बताया कि वे जनरल कोच में चढ़ तो गए लेकिन सीट नहीं मिली और खडे़ खड़े पीडीडीयू जंक्शन तक पहुंच गए। डाला छठ पर महानगरों से किसी तरह लोग घर पहुंचने की जुगत में हैं। वहीं रेलवे भी यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली, मुंबई, बेंगलूरू, अहमदाबाद सहित अन्य औद्योगिक शहरों से 50 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चल रही हैं। बावजूद इसके डाउन की ट्रेनों में पैर रखने की भी जगह नहीं मिल रही है। स्पेशल ट्रेनों में यात्री खड़े खड़े यात्रा करने को मजबूर हैं।
शुक्रवार को प्लेटफार्म संख्या दो पर पहुंची इंदौर पटना एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे गुलशन कुमार ने बताया कि भीड़ के कारण वे खड़े खडे यात्रा कर रहे हैं। इसी तरह नई दिल्ली पटना स्पेशल ट्रेन के जनरल कोच में सवार संध्या ने बताया कि दो माह पहले टिकट कटाया था लेकिन सीट रिजर्व नहीं हुई। जनरल में बैठ तो गई लेकिन भीड़ के कारण शौचालय जाना भी मुश्किल है। यही हाल नई दिल्ली से राजगीर जा रही स्पेशल ट्रेन का रहा। इसके एसी कोच में भी भीड़ रही। वहीं एसएमवीटी बंगलूरू स्पेशल, वाटवा रक्सौल स्पेशल, पुणे दानापुर फेस्टीवल स्पेशल, बलसाड़ बरौनी स्पेश्ल आदि ट्रेनों में भीड़ रही। हालांकि नियमित ट्रेनों में भीड़ अपेक्षाकृत कम रही। प्लेटफार्म संख्या दो पर आई पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में जनरल कोच में कम से कम खड़े होने की जगह दिखी। जबकि अन्य दिनों में इसके जनरल कोच में घुसने तक की जगह नहीं होती है। वहीं आरपीएफ की टीम लगातार ट्रेनों में यात्रियों को सुरक्षित चढ़ाने में लगी रही।
पीडीडीयू नगर।यात्रियों की भीड़ को देखते हुए शुक्रवार को मंंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था संभाल ली। उन्होंने पीडीडीयू जंक्शन पर पहुंच कर व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं यात्रियों से वार्ता भी की। इसके बाद उन्होंने डीआरएम ऑफिस में बने वार रूम में बैठ कर निगरानी करते रहे।
मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना दोपहर 12 बजे सीनियर डीसीएम राजीव रंजन, डीसीएम विश्वनाथ, सीनियर कमांडेंट जेथिन बी राज सहित अन्य अधिकारियों की टीम के साथ पीडीडीयू जंक्शन पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान यात्रियों से वार्ता कर उनके अनुभव जाना। उन्होंने स्टेशन पर बने सीसीटीवी निगरानी कक्ष में पहुंच कर जांच पडताल की। डीआरएम ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए तमाम प्रयास किए गए हैं। अनेक स्पेशल ट्रेनों के चलाने से भीड़ कुछ कम हुई है। यात्रियों को दिक्कत न हो इसके लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है।
पीडीडीयू नगर। लोक आस्था का महापर्व डाला छठ पर पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन भी पूरी तरह भक्ति में डूबा है। रेलवे की ओर से एनाउसिंग माइक पर छठी माई के करब हम बरतिया, कांच ही बांस के बहंगिया, केलवा के पात पर उगेलन सुरुज देव, पहिले पहिल हम कईनी छठ के बरतिया, पटना के घाट पर हमहूं अरगिया देहब हे छठी मैया, कौने खेत जन्मल धान सुधान हो आदि गीत और उसे धुन बजाए जा रहे हैं। इससे माहौल पूरी तरह भक्ति मय बना हुआ है।
रेलवे की ओर से पहली बार एनाउंसिंग माइक पर गीत बजाए जा रहे हैं। शुक्रवार को इसकी शुरूआत हुई। छठी मइया के गीत जो न केवल यात्रियों के मन को छूने वाला अनुभव बन रहा है, बल्कि उन्हें बिहार की सोंधी संस्कृति से भी जोड़ रहा है।
हर साल छठ पूजा के दौरान लाखों की संख्या में बिहार और उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में लोग अपने घरों की ओर लौटते हैं। अपने परिवार संग छठ पूजा मनाने जाने वाले लोगों के लिए इस वर्ष रेलवे की ओर से पीडीडीयू जंक्शन से होकर 50 से अधिक विशेष ट्रेनें चलाई गई है। इसी क्रम में यात्रियों को सुखद अनुभूति देने के लिए स्टेशनों पर स्टेशन उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से छठ के गीतों के साथ यात्रियों का स्वागत किया जा रहा है। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि रेलवे की ओर से पीडीडीयू जंक्शन के साथ ही कोलकाता, नई दिल्ली, दिल्ली, आनंद विहार, आसनसोल, रांची, पटना, दानापुर, राजेंद्र नगर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, हाजीपुर, सोनपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर सहित 30 से अधिक रेलवे स्टेशनों पर छठ के गीत बजाए जा रहे हैं। रेलवे इस प्रयोग से छठ पूजा के लिए जा रहे यात्री विशेष कर महिला यात्री खुशी व्यक्त कर रही हैं।