सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप सकलडीहा-चंदौली मार्ग पर सोमवार को कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई थी। इसमें बाइक पर सवार दो युवक घायल हो गए थे। एक युवक की ट्राॅमा सेंटर सेंटर में इलाज चल रहा था बृहस्पतिवार को युवक की मौत हो गई।
घरचित गांव निवासी श्यामजीत यादव का पुत्र मुलायम यादव (27) और स्व.दिनेश गोंड का पुत्र मोनू गोंड (22) बाइक से स्थानीय कस्बा आ रहे थे। रास्ते में एक पेट्रोल पंप के समीप चंदौली-सकलडीहा मार्ग पर कार से उसकी बाइक की टक्कर हो गई जिसमें दोनों घायल हो गए। दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया । मोनू की हालत गंभीर होने पर ट्राॅमा सेंटर ले जाया गया। बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान ट्राॅमा सेंटर में मोनू की मौत हो गई। मोनू की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटना के दिन ही कार को कब्जे में ले लिया था। कोतवाल दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि घायल मोनू की मौत हो गई है। परिजनों की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।