हेमा मालिनी नृत्य प्रस्तुतिकरण
- फोटो : File Photo
बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल अभिनेत्री हेमा मालिनी चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर माता मनसा देवी मंदिर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिरकत करती नजर आएंगी। मनसा देवी मंदिर श्राइन बोर्ड की ओर से चैत्र नवरात्र पर आयोजित विशेष कार्यक्रम को लेकर अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। नवरात्र में मां मनसा देवी के दरबार में हाजिरी लगाने आने वाले भक्तों के लिए इस बार खास इंतजाम किए जा रहे हैं। मनसा देवी श्राइन बोर्ड के अनुसार 28 मार्च से नवरात्र शुरू होंगे।
जानकारी के अनुसार इस बार नवरात्र के पावन अवसर पर कई नामी हस्तियां मां के दरबार में माता के दर्शन को पहुंचेंगी। मनसा देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ वीजी गोयल ने बताया कि राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में अभिनेत्री हेमा मालिनी को निमंत्रण भेजा है। जो इस भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में नृत्य नाटिका की मनमोहक प्रस्तुति देंगी। जो कि मां दुर्गा, कृष्ण लीला पर आधारित होगी।
वहीं, बोर्ड ने कार्यक्रम के लिए पद्म विभूषण सरोज वैद्यनाथन, अनुराधा शर्मा, गायिका अनुराधा पौडवाल व यामिनी कृष्णामूर्ति जैसी महान हस्तियों को निमंत्रण भेजा जा चुका है। जो कि नवरात्र में माता के भजनों से भक्तों को सराबोर करेंगी। श्राइन बोर्ड के सीईओ वीजी गोयल ने कहा कि नवरात्र के मौके पर हर साल की तरह इस बार भी मेला का आयोजन किया जाएगा। दूर दराज से आने वाले भक्तों के ठहरने से लेकर भंडारे तक की विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
विकलांगों के लिए विशेष इंतजाम
वीजी गोयल ने बताया कि मां के दर्शन को आने वाले विकलांग भक्तों के लिए विशेष तैयारी की गई है। मंदिर में लिफ्ट का निर्माण कार्य जारी है। दोनों लिफ्ट के बेस डाले जा चुके हैं। उनकी कोशिश है कि नवरात्र से पहले लिफ्ट ऑपरेट हो सके। ताकि विकलांगों को इसका लाभ मिले। श्राइन बोर्ड नवरात्र की तैयारियों को लेकर इस बार 64 लाख रुपये खर्च कर रहा है। इनमें से 13.5 लाख रुपये लाइटिंग और 6 लाख रुपये सजावट पर खर्च किए जा रहे हैं।