धीना। कमालपुर से चिलबिली गोपालपुर मार्ग पर बुधवार की दोपहर में चिलबिली गांव के सामने गड्ढे में फंस कर धान लदी ट्रैक्टर ट्राॅली सड़क किनारे खेत में पलट गई। इस घटना में धान बिखर गए। यह संयोग था कि चालक और खलासी बाल बाल बच गए।
मौके पर जुटे लोगों ने चालक और खलासी को बाहर निकाला। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार चार सौ मीटर सड़क पूरी तरह गड्ढे में तब्दील हो गया है। कई बार अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद भी इसकी मरम्मत नहीं किए जाने से नाराजगी है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि पिछले डेढ़ दशक से कमालपुर से चिलबिली होते हुए गोपालपुर जाने वाले मार्ग की मरम्मत नहीं हो पाई है। चिलबिली गांव के सामने दक्षिण की तरफ चार सौ मीटर तक सड़क पूरी तरह गड्ढे़ में तब्दील हो गई है। इससे सड़क से गुजरने वाले राहगीर, दो पहिया वाहन चालक और साइकिल सवार आए दिन गिरकर चोटिल हो जाते हैं। एक वर्ष पहले ही गड्ढे में गिरने से धर्मदेव यादव का हाथ टूट गया था। इसी क्रम में बुधवार को किसान ट्रैक्टर ट्रॉली पर धान लाद कर जा रहा था। इसी बीच चिलबिली गांव के सामने सड़क के गड्ढे में पलट गई। क्षेत्र के राजित यादव, छबिनाथ यादव उर्फ गुड्डू, सद्दाम, भोला शर्मा, रामचंद्र, पप्पू उपाध्याय, राजेंद्र यादव, मुलायम, पवन चौरसिया, रामाज्ञा यादव, सुदर्शन, भूपेश उपाध्याय आदि ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।