पड़ाव। स्थानीय चौराहे पर बुधवार की शाम को भीषण जाम लग गया। पांच बजे से सात बजे तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। डोमरी में शुरू हुई शिव महापुराण की कथा की वजह से वाहनों का दबाव बढ़ने पर यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई। वहीं, कथा से लौट रहे श्रद्धालु सवारी वाहनों के लिए परेशान रहे।
क्षेत्र के डोमरी में गंगा तट पर शिव महापुराण की कथा बुधवार से शुरू हुई है। इसमें पांच लाख से ज्यादा भक्त देश के कोने-कोने से वाराणसी आए हुए हैं। इसको देखते हुए यातायात पुलिस ने तैयारी तो की थी लेकिन शाम पांच बजे कथा खत्म होने के बाद वाहनों का दबाव इस कदर बढ़ा कि पूरा पड़ाव इलाका जाम हो गया। प्रत्येक रूट पर वाहनों की कतारें लग गईं। करीब सात बजे तक लोग जाम में फंसे रहे। वहीं, बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु ऑटो और अन्य सवारी वाहनों के लिए परेशान रहे।