पीडीडीयू नगर। पूर्व मध्य रेलवे के पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडलीय अस्पताल में एक और संस्था ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए आगे आई है। रेलवे ने डेमोक्रेसी पीपुल फ्रंट फाउंडेशन को भी ऑक्सीजन प्लांट लगाने की मंजूरी दी है। इसके पहले डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कारपोरेशन लिमिटेड ने ऑक्सीजन प्लांट लगाने की घोषणा की थी। इस तरह दो प्लांट यहां लगाए जा सकेंगे। इससे कोविड मरीजों को ऑक्सीजन की समस्या नहीं होगी।
कोरोना की दूसरी लहर में लोग तेजी से बीमार हो रहे हैं। कोरोना के फेफडों पर वार करने की वजह से इस बार कोविड मरीजों को सबसे अधिक परेशानी ऑक्सीजन को लेकर हुई है। रेलवे अस्पताल में भर्ती मरीजों को ऑक्सीजन की कमी न हो इसके लिए 27 अप्रैल को डीएफसीसीएल (डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कारपोरेशन लिमिटेड) ने आक्सीजन प्लांट लगाने की घोषणा की थी। इसके लिए रेलवे अस्पताल में एक कमरा भी दे दिया गया है। वहीं पिछले दिनों दिल्ली की डेमोक्रेसी पीपुल फाउंडेशन ने देश के आठ रेलवे अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की इजाजत मांगी थी। रेलवे बोर्ड के एक्जक्यूटिव डॉयरेक्टर हेल्थ जनरल के श्रीधरन ने 14 मई को इसकी मंजूरी दे दी है। इसके तहत पीडीडीयू रेलवे मंडलीय अस्पताल के साथ जयपुर, गुवाहाटी, लखनऊ, कर्नाटका के हुबली, झांसी, बिहार के सोनपुर और दानापुर में आक्सीजन जेनरेशन प्लांट लगाया जाएगा। मिशन ऑक्सीजन के तहत फाउंउेशन प्लांट को अस्पताल को डोनेट करेगी। इस तरह अब दो संस्था मिलकर अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाएगी। इससे अस्पताल के मरीजों को आक्सीजन की कमी से जूझना नहीं पड़ेगा।