सैयदराजा पुलिस द्वारा पकड़े गए ओवरलोड बालू लदे ट्रक।
- फोटो : CHANDAULI
चंदौली। जिले में खनिज संपदा लदे ओवरलोड वाहन धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं। जबकि ऐसे वाहनों पर रोक लगाने और जुर्माना वसूले की जिम्मेदारी संभाले परिवहन और खनन विभाग के अधिकारी सुस्त पड़े हैं। लेकिन ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस महकमा सक्रिय दिख रहा है। बृहस्पतिवार को सैयदराजा, चंदौली और सकलडीहा थाने की पुलिस ने 36 ट्रक और 26 बालू लदे ट्रैक्टरों को सीज कर दिया। इसके अलावा 98,600 रुपये जुर्माना भी वसूला गया।
बिहार प्रांत से बालू लेकर आने वाले ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएम नवनीत सिंह चहल ने परिवहन विभाग, खनन विभाग तथा तहसील प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिया है। लेकिन बिहार में बालू खदानों के चालू होने के बाद जिले के सभी प्रमुख सड़कों पर धड़ल्ले से ओवरलोड वाहन दौड़ने लगे हैं। सब कुछ जानने के बाद भी परिवहन और खनन विभाग के अधिकारी ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने से कतराते दिख रहे हैं। वहीं दोनों प्रमुख विभागों के अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। बृहस्पतिवार को सकलडीहा थाने की पुलिस ने बालू लदे 26 ट्रैक्टर(बोगा), सैयदराजा पुलिस ने सात ट्रक तथा चंदौली पुलिस ने 29 ट्रकों को सीज कर दिया। इस दौरान वाहनों से शमन शुल्क के रुप में 98,600 रुपये जुर्मान भी वसूला गया। अपर पुलिस अधीक्षक प्रेमचंद्र ने बताया कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। कार्रवाई के दौरान पकड़े गए वाहनों से जुर्माना भी वसूला जाएगा।