निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह गुरुवार को अपनी पत्नी के साथ
जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम से मिले। दंपति ने डीएम से भयमुक्त चुनाव
कराने की मांग की और अपनी सुरक्षा की भी गुहार लगाई। कहा कि उनके चुनावी
प्रतिद्वंद्वियों द्वारा उन्हें कुछ दिन से परोक्ष रूप से धमकी दी जा रही
है।
जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए छत्रबली सिंह और उनकी
पत्नी सरिता सिंह ने कहा कि उन्हें आशंका है कि सत्ता पक्ष से जुड़े लोग
चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित कर सकते हैं।
एक नेता द्वारा उनके कार्यों
की जांच कराकर गिरफ्तार करवाने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा
कि ऐसी जानकारी मिल रही है कि सदस्यों को मतदान के दिन मतदान केंद्र पर
पहुंचने से जबर्दस्ती रोका जा सकता है। इस दौरान छत्रबली सिंह ने जिला
पंचायत सदस्यों को पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की।
साथ ही मतदान के दिन मतदान केंद्र की वीडियोग्राफी कराने और एजेंट नियुक्त
करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि उन्हें जिला प्रशासन पर भरोसा है।
जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने आश्वासन दिया कि चुनाव भयमु्क्त और
पारदर्शिता के साथ होगा।