बिना हेलमेट के बाइक चलाते पुलिसकर्मी।
राज्य सरकार ने बुधवार को दो पहिया वाहनों पर पीछे बैठने वालों के हेलमेट लगाने का शासनादेश जारी कर दिया है। कैबिनेट का फैसला पहले हो चूका है। बावजूद इसके जिले में इसका कोई असर नहीं दिख रहा है। पीछे बैठने वाले की बात ही छोड़ दें, बाइक चालक भी हेलमेट नहीं लगा रहे हैं। एसपी के आदेश के बावजूद पुलिस वाले भी बगैर हेलमेट लगाए गश्त कर रहे हैं।
गुरुवार की सुबह साढ़े दस बजे लाल बहादुर शास्त्री पार्क के सामने दो पुलिस कर्मी एक बाइक पर बगैर हेलमेट लगाए शान से गुजरते दिखे। यही नहीं एलबीएस कटरा के सामने दोनों ने बाइक रोक कर दूसरे पुलिसकर्मी से बात भी की। इसके बाद भीड़ के बीच रेलवे ओवरब्रिज पर चढ़ गए। इसी तरह सुबह 11 बजे कोतवाली के ठीक सामने एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक गुजरे। तीनों ने कोतवाली की तरफ एक नजर देखा भी लेकिन उन्हें रोकने वाला कोई नहीं मिला। यही नहीं आधे घंटे में पचास से अधिक बाइक सवार गुजरे जो बगैर हेलमेट थे। इसी तरह साढ़े 11 बजे अति व्यस्त रेलवे रेलवे स्टेशन के ठीक सामने आधे घंटे में दो से सौ से अधिक बाइक सवार गुजरे, कोई अकेला तो कोई बगैर हेलमेट ट्रिपल सवारी चल रहा था। स्टेशन के ठीक बगल में पिकेट ड्यूटी भी लगती है, पुलिस कर्मी वहां खड़े सवारी वाहनों को देख रहे थे लेकिन बाइक सवारों से उन्हें कोई मतलब नहीं था। दोपहर बारह बजे भीड़ भाड़ वाले चकिया तिराहा पर भी यही नजारा देखने को मिला। उधर एसपी किरीट राठौड़ ने बताया कि गुरुवार को वाहन चालकों को चेक किया गया। हेलमेट न पहनने पर चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। आगे पकड़े जाने पर कार्रवाई होगी।