भोगवार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महज दो डॉक्टर है। इन्हीं के भरोसे ओपीडी और 24 घंटे इमरजेंसी सेवा चलाई जा रही है। सीएससी में मरीज की लंबी कतार देखने को मिल रही है। इलाज के लिए पीड़ित और तीमारदारों को जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
इन दिनों मौसम में परिवर्तन के साथ ही मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। भोगवार सीएचसी की ओपीडी में प्रतिदिन डेढ़ सौ से 200 पीड़ित पहुंच रहे हैं। पर्ची लेने के लिए भी पीड़ित और तीमारदारों को लाइन लगानी पड़ रही है। गंभीर मरीजों को भी तुरंत इलाज नहीं मिल पा रहा है। सीएचसी प्रभारी डॉ. भानुप्रताप सिंह ने बताया कि हाल ही में दो चिकित्सक डॉ अभिषेक सिंह व डॉ अनुपम अग्रवाल का गैर जनपद तबादला हो गया है। वहीं यहां तैनात डॉ धीरज यादव मेडिकल कॉलेज में चयन होने के चलते इस्तीफा दे दिए हैं। बताया कि दो चिकित्सक डॉ पंकज कुमार और डॉ अमृता सिंह के भरोसे ओपीडी व 24 घंटे इमरजेंसी सेवा चल रही है। सीएचसी प्रभारी ने बताया कि महिला चिकित्सकों की कमी पहले से ही थी। अब तीन चिकित्सकों के चले जाने के बाद मात्र दो चिकित्सकों के सहारे केंद्र चलाना काफी कठिन साबित हो रहा है।