नौगढ़। थाना क्षेत्र के चोरमरवा गांव के पास नौगढ़-मधुपुर मार्ग पर बुधवार को सड़क हादसे में प्रदीप गिरि (23) की मौत हो गई, जबकि उनके चाचा चंद्रभान गिरि गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त दोनों बाइक से मधुपुर की ओर जा रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार या तो बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई या किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। घटना स्थल सुनसान जगह पर था। इसके चलते दुर्घटना के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हो सकी है। उधर, हादसे की सूचना पुलिस को राहगीरों ने दी, लेकिन डायल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना देने के बाद भी कई घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। नौगढ़ थानाध्यक्ष रमेश यादव सूचना मिलने पर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस का इंतजार किए बगैर खुद घायलों को नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक इलाज के बाद प्रदीप गिरि की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें चकिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष रमेश यादव ने बताया कि घटना के कारण की जानकारी करने की कोशिश की जा रही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की जांच और चश्मदीद लोगों से पूछताछ की जा रही है।