चंदौली। शहाबगंज ब्लाक के एडीओ पंचायत अखिलेश तिवारी के एकाउंट से ठगों ने बुधवार की रात लगभग एक लाख रुपए उड़ा दिए। एडीओ पंचायत ने बैंक शाखा पहुंच कर एकाउंट बंद कराया।
एडीओ पंचायत अखिलेश बुधवार रात आठ बजे जिला मुख्यालय से वापस लौटे। वे भोजन करने की तैयारी कर रहे थे, तभी मोबाइल फोन की घण्टी बजी। काल उठाने पर फोन करने वाले ने खुद को बैंक प्रतिनिधि बताया। कहा कि आपका एकाउंट अपडेट करना है , नंबर पर आए ओटीपी नंबर बताइए। अचानक फोन आने से अचकचाए एडीओ पंचायत ने ओटीपी नंबर बता दी। बृहस्पतिवार की सुबह मोबाइल का मैसेज देखा तो होश उड़ गए। बैंक खाते से चार बार मे लगभग एक लाख रुपए निकल गए थे। हतप्रभ एडीओ ने बैंक शाखा पहुंच कर एकाउंट बंद कराया। इस संबंध में सीओ चकिया प्रीति तिवारी ने बताया कि पैसे गायब होने की सूचना नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।