बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत रानेगांव के समीप गुरुवार की रात नौ बजे
ट्रैक्टर और पिकअप की आमने सामने की भिड़ंत हो गई। इस घटना में पिकअप चालक
की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
पिकअप सवार सर्पदंश के बाद अचेत वृद्ध का उपचार कराने सकलडीहा जा रहे थे। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़ कर भाग निकला।
क्षेत्र
के देवरा गांव निवासी करुणेश मिश्र (60) गुरुवार की शाम खेत की सिंचाई
करने गए थे। गेहूं में पानी भरते समय विषैले सर्प ने वृद्ध को डंस लिया।
सर्पदंश से अचेत करुणेश को परिवार वाले रात साढ़ेे नौ बजे पिकप से सकलडीहा
के लिए लेकर चले थे।
ट्रैक्टर चहनियां बाजार से एक किलोमीटर आगे रानेपुर
गांव के समीप पहुंचा था कि सामने से धान का बोझ लादकर ट्रैक्टर आ गया।
ट्रैक्टर के हेडलाइट की रोशनी पिकअप चला रहे देवरी गांव के ही निवासी
विद्याशंकर (55) की आंखों पर पड़ी तो आंखें चौंधिया गई और स्टेयरिंग से
नियंत्रण हट गया।
जिससे असंतुलित होकर पिकअप ट्रैक्टर से जा टकराया। टक्कर
इतनी जोरदार थी कि पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी
लोग अंदर फंस गए।
लोगों को जुटता देख ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़ कर भाग
निकला। मौके पर जुटे लोगों ने विद्याशंकर और करुणेश सहित अंदर फंसे रामकमल
(45), संजय (55), रूपेश (40), वरुणेश (22) को काफी प्रयास के बाद बाहर
निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
पहुंचाया।