पीडीडीयू नगर। राजकीय रेलवे पुलिस ने शुक्रवार की भोर में चोरी के मोबाइल फाेन के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उस पर जीआरपी पीडीडीयू में चोरी और छिनैती के आठ मुकदमे दर्ज हैं। जीआरपी लंबे समय से उसे तलाश कर रही थी।
जीआरपी पीडीडीयू के प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर लगातार रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार की सुबह क्रू सेल के पास एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में देखकर तलाशी ली गई। उसके पास एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम संजय कुमार सिंह निवासी ग्राम डेढ़गांवा जिला गाजीपुर बताया। उस पर पीडीडीयू जीआरपी, वाराणसी कैंट जीआरपी और चारबाग लखनऊ में आठ मुकदमे दर्ज मिले हैं। संजय का चालान किया गया है। बृहस्पतिवार को जीआरपी ने न्यायालय से वांछित रितेश कुमार निवासी नागकुआं, जयराम बाजार, जिला पटना बिहार को केंद्रीय कारागार गया से हिरासत में लेकर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।