मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चंदोसी मंडी में खड़े एक ट्रक में शुक्रवार की सुबह डेढ़ महीने की बच्ची लावारिस हालत में मिली। सुबह कोयला लोड करने पहुंचे ड्राइवर ने जब ट्रक में बच्ची को देखा तो ट्रांसपोर्ट मालिक को सूचित किया। ट्रक में बच्ची की मिलने की सूचना से काफी भीड़ जुट गई। कोल व्यापारियों ने बच्ची को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस बच्ची को इलाज के लिए राजकीय महिला चिकित्सालय में ले गई है। बच्ची स्वस्थ है।
थाना क्षेत्र में एशिया की सबसे बड़ी कोल मंडी चंदासी है। जहां रोजाना हजारों ट्रकों का आवागमन होता है। मंडी में अशोक कुमार का भी ट्रांसपोर्ट है। बृहस्पतिवार की रात उनका एक ट्रक ट्रांसपोर्ट के ऑफिस के सामने ही आकर खड़ा हुआ। उस समय तक उसमें कुछ नहीं था। पर जैसे ही शुक्रवार की सुबह ड्राइवर ट्रक को कोयला लोड करने के लिए ले जाने लगा। पीछे से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। उसने देखा कि कंबल में एक डेढ़ माह की बच्ची स्वेटर पहने लेटी हुई है। आसपास कोई नहीं था। उसने ट्रांसपोर्ट मालिक अशोक को उसकी सूचना दी। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। अशोक बच्ची को ट्रांसपोर्ट ऑफिस ले गए। वहां से चाइल्ड लाइन को कई बार फोन किया गया पर काफी देर तक कोई नहीं पहुंचा। उसके बाद कोतवाली पुलिस को फोन कर बुलाया गया और बच्ची उन्हें सौंप दिया गया। पुलिस ने बच्ची को राजकीय महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। बच्ची स्वस्थ्य है। लोगों में चर्चा रही कि सुबह किसी ने ट्रक में जान बूझकर बच्ची को छोड़ दिया है। मुगलसराय इंस्पेक्टर संजीव मिश्रा ने बताया कि बच्ची को चाइल्ड हेल्प लाइन को सौंप दिया गया है।