चकिया। स्थानीय तिराहा के पास स्थित अस्थायी दूध मंडी में नाग पंचमी के कारण मंगलवार को दूध 120 रुपये लीटर के पार चला गया। इसके बावजूद भी दूध के लिए लोगों की भीड़ लगी रही।
चकिया तिराहा के पास जनपद के कोने-कोने से दूधिया दूध बेचने के लिए आते हैं। यहां प्रतिदिन दूध की मंडी लगती है। सावन महीने में दूध के दाम में काफी इजाफा हुआ है। सावन में दूध की मांग बढ़ने पर दूधियों के पास दूध में कमी हो गई है। सावन में मुगलसराय खोवा मंडी से बाबा धाम के लिए खोवा की भी सप्लाई तेज हो जाती है। इसके चलते दूध के दाम में इजाफा हुआ है। रोजाना 60 रुपये से लेकर 80 रुपये लीटर दूध बिक रहा था, लेकिन नाग पंचमी के कारण मंगलवार को इसकी कीमत बढ़कर 100 से 120 रुपये लीटर तक पहुंच गई। इसमें भी गाय के दूध की ज्यादा मांग रही। मंडी के अध्यक्ष कैलाश यादव ने बताया कि नाग पंचमी के दिन दूध के दाम में काफी उछाल आया। बुधवार को सुबह 80 रुपये से 100 रुपये लीटर दूध बिका और दोपहर में यह 100 रुपये से 120 रुपये लीटर तक पहुंच गया।