चंदौली। अंतरराष्ट्रीय भाला फेंक खिलाड़ी व ओलंपियन शिवपाल सिंह को मारपीट और लूट के मामले में शुक्रवार को जिला एवं सत्र न्यायालय से जमानत मिल गई है। जिला जज दिवाकर प्रसाद चतुर्वेदी की अदालत ने उनकी जमानत याचिका स्वीकार करते हुए रिहाई का आदेश दिया।
शिवपाल सिंह के अधिवक्ता ने अदालत में पक्ष रखते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। बचाव पक्ष का कहना था कि पुलिस ने गलत धाराओं में गिरफ्तारी की है और मामले के तथ्यों के अनुरूप कार्रवाई नहीं की।
गौरतलब है कि 10 जुलाई को बलुआ थाना पुलिस ने शिवपाल सिंह सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद यह मामला जिले सहित खेल जगत में चर्चा का विषय बना रहा। जिला जज दिवाकर प्रसाद चतुर्वेदी की अदालत ने सुनवाई के बाद शिवपाल की जमानत अर्जी मंजूर कर ली।
जमानत मिलने के बाद एक बार फिर इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, मामले की सुनवाई और अन्य कानूनी प्रक्रिया नियमानुसार जारी रहेगी।