पीडीडीयू नगर। हावड़ा से योगनगरी ऋषिकेष जा रही दून एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान वृद्ध यात्री की मौत हो गई। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर यात्री के शव को जीआरपी ने कब्जे में लेकर आवश्यक लिखा पढ़ी के बाद परिवार वालों को सौंप दिया।
फैजाबाद के सफीपुर खोखवा भीकापुर निवासी उमादत्त दुबे (65) परिवार के साथ हावड़ा देहरादून एक्सप्रेस के एसी कोच बी-1 के सीट संख्या 28 पर सवार होकर हावड़ा से फैजाबाद की यात्रा कर रहे थे। डेहरी आन सोन से ट्रेन खुलने पर उमादत्त सीट पर ही अचेत हो गए। ट्रेन के सीआईटी हरिहर सिंह ने इसकी सूचना कंट्रोल को दी। इस सूचना के बाद आरपीएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीम एलर्ट हो गई। शुक्रवार की सुबह साढ़े आठ बजे ट्रेन प्लेटफार्म संख्या तीन पर पहुंची। आरपीएफ के साथ लोको अस्पताल के डॉ. नवीन द्विवेदी ने उमाकांत के स्वास्थ्य की जांच की तो यात्री की मौत हो चुकी थी। उमाकांत के साथ यात्रा कर रहा छोटा भाई राकेश कुमार दुबे ने बताया कि उमाकांत हार्ट के मरीज थे। बीपी हमेशा लो रहता था। सूचना पाकर राजकीय रेलवे पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई। बाद में आवश्यक लिखा पढ़ी के बाद शव को भाई के हवाले कर दिया गया।