कर्मनाशा नदी पर ब्रिटिश काल मे बना पुल जिसे मरम्मत के बाद बिहार जाने वाले भारी वाहनों के लिए खोला ?
- फोटो : CHANDAULI
सैयदराजा। मानसून आते ही कर्मनाशा नदी में बने अस्थायी पुल के क्षतिग्रस्त होने की आशंका को देखते हुए बिहार जाने के लिए बने पुल को बंद कर दिया गया। वहीं पुराने पुल को हैवी वाहनों के लिए खोल दिया गया। एनएचआई के अधिकारियों ने बताया कि इसी सप्ताह में स्टील का पुल तैयार हो जाएगा। इसके बाद दूसरे अस्थायी पुल को भी बंदकर दिया जाएगा।
पिछले वर्ष 28 दिसंबर को कर्मनाशा नदी पर बने पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद यूपी बिहार का संपर्क चालू रखने के लिए पुल के दोनों तरफ अस्थायी पुल का निर्माण किया गया। वहीं पक्के पुल के मरम्मत भी शुरू कर दी गई। आशा थी कि मानसून के पहले ही पुल चालू हो जाएगा और अस्थायी पुल बंद कर दिया जाएगा। इसी बीच लॉकडाउन लागू होने की वजह से पुल के मरम्मत का काम रुक गया। इसके बाद एनएचआई ने क्षतिग्रस्त पुल के बगल में बंद हो चुके ब्रिटिश काल के पुल की मरम्मत कर चालू करने और एक स्टील का पुल बनाने का निर्णय लिया। पिछले दिनों ब्रिटिश काल में बने पुल की मरम्मत पूरी हो गई और बैरिकेडिंग हटा ली गई। बुधवार को इस पर भारी वाहन बिहार की तरफ भेजा गया। एक अस्थायी पुल को बंद कर दिया गया। बिहार की तरफ से यूपी में आने के लिए अभी अस्थायी पुल चालू है।7एनएचएआई के टेक्निकल मैनेजर नागेश सिंह ने बताया की स्टील के पुल का काम इसी सप्ताह में पूरा हो जाएगा। इसके बाद यूपी में आने वाले वाहन स्टील के पुल से आएंगे तथा अस्थायी पुल को बद कर दिया जाएगा।