पीडीडीयू नगर। शासन की ओर से सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों को सुबह के नौ बजे अपने-अपने दफ्तर पहुंचने का निर्देश जारी किया है ताकि लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके बावजूद कई विभाग के अधिकारी व कर्मचारी निर्देश का पालन करने में लापरवाही बरत रहे हैं। कई कार्यालयों में उपस्थिति दर्ज कराने के लिए लगाई गई बॉयोमेट्रिक मशीन भी खराब हो गई है। अधिकारी व कर्मचारी इसका भी लाभ उठाने से नहीं चूक रहे हैं। वहीं कुछ दफ्तरों में अधिकारी व कर्मचारी समय का पालन कर रहे हैं। शुकवार को अमर उजाला की टीम ने नगर के कुछ सरकारी दफ्तरों की पड़ताल की तो हकीकत कुछ इस प्रकार सामने आई।
विद्युत उपखंड केंद्र में नहीं पहुंचे थे एक्सईएन
सुबह के 10 बजे जब टीम नई बस्ती स्थित विद्युत वितरण उपखंड कार्यालय पहुंची तो यहां एक्सईएन के कक्ष पर ताला लटकता मिला। कार्यालय के अन्य अधिकारी व कर्मचारी अपनी कुर्सी पर मुस्तैद पाए गए। फोन पर एक्सईएन प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि वे पड़ाव स्थित कैंप कार्यालय में हैं जहां बिजली का बिल वसूलने व उपभोक्ताओं की सहायता के लिए शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कुछ ही देर में कार्यालय पहुंचने की बात कही।
जलनिगम कार्यालय में मौजूद नहीं थे एक्सईएन व जेई
जलनिगम कार्यालय में सुबह के 10 बजे तक एक्सईएन के साथ जेई भी नहीं पहुंचे थे। अन्य कर्मचारियों में भी कुछ ही पहुंचे थे। इससे कार्यालय पहुंचने वाले लोग परेशन थे। जेई बलवंत प्रसाद ने बताया कि वे कार्यालयीय कार्य से वाराणसी स्थित मंडल के सर्किल ऑफिस में हैं। वहीं एक्सईएन हेमंत सिंह डीएम के निर्देश पर नौगढ़ गए हैं जहां पिछले दिनों आए मुख्यमंत्री ने बाल्मीकि आश्रम में पेयजल की व्यवस्था करने को कहा था। एक्सईएन एसडीएम के साथ इसी व्यवस्था के लिए जमीन का निरीक्षण करने गए हैं।
पीडब्ल्यूडी आफिस में एक्सईएन के कक्ष पर लटकता मिला ताला
टीम जब पीडब्ल्यूडी आफिस पहुंची तो यहां अधिशासी अभियंता के कक्ष पर ताला लटकता मिला। वहीं अन्य कर्मचारी अपने-अपने टेबल पर कार्य करते देखे गए। फोन करने पर एक्सईएन डीपी सिंह ने बताया कि सड़क संबंधी तमाम योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए वे वाराणसी स्थित अधीक्षण अभियंता के कार्यालय गए थे। यहां प्रमुख रूप से 25 करोड़ 84 लाख की लागत से बनने वाली अलीनगर-सकलडीहा सड़क पर चर्चा हुई। उन्होंने दोपहर के एक बजे तक कार्यालय पहुंचने की बात कही।
इनसेट..........
पालिका कार्यालय में11 बजे पहुंचे अधिशासी अधिकारी
नगर पालिका परिषद कार्यालय में अधिशासी अधिकारी सुबह के 11 बजे तक नहीं पहुंचे थे। उनके कक्ष के बाहर कुछ लोग अपना कार्य कराने के लिए उनका इंतजार कर रहे थे। 11 बजे कार्यालय पहुंचते ही ईओ कार्य में जुट गए। आवश्यक फाइलों पर दस्तखत करने के साथ उन्होंने लोगों की समस्या सुननी आरंभ कर दी। देर से आने का कारण पूछे जाने पर ईओ कृष्ण चंद्र ने बताया कि वे अमृत योजना के तहत ओवरहेड टैंक बनाने के लिए जलनिगम विभाग के कर्मचारियों के साथ कैलाशपुरी व कसाब महाल में जमीन का निरीक्षण करने गए थे।
इनसेट.............
सिंचाई विभाग में समय पर पहुंचे अधिकारी व कर्मचारी
दिन के 11 बजकर 15 मिनट पर टीम सिंचाई विभाग के दफ्तर पहुंची तो अधिशासी अभियंता सुरेशचंद्र आजाद के साथ सभी कर्मचारियों को अपनी कुर्सी पर मुस्तैद पाया। सभी अधिकारी व कर्मचारी कार्य में जुटे थे। एक्सईएन ने बताया कि नौगढ़ क्षेत्र में सिंचाई की व्यवस्था सुधारने के लिए योजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।
रिपोर्ट व संपादन- धनंजय
बाइट- 3150