चंदौली। डीएम चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को सीएम डैशबोर्ड पर फ्लैगशिप एवं अन्य विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीएम ने बताया कि बैठक में सभी अधिकारियों को आईजीआरएस रजिस्टर साथ लाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन जिला पूर्ति अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) ने लापरवाही बरती। इस पर दोनों अधिकारियों के खिलाफ शो-कॉज नोटिस जारी किया जाए।
डीएम ने कहा कि सभी विभाग अपनी प्रगति हर माह की 25 तारीख तक पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें। सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं की रैंकिंग के आधार पर समीक्षा करते हुए उन्होंने ए-श्रेणी वाले विभागों की सराहना की, जबकि डी-श्रेणी वाले विभागों को चेतावनी देते हुए सुधार के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों की भौतिक और वित्तीय प्रगति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को लक्ष्यों के अनुरूप कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने और पूर्ण परियोजनाओं का तत्काल हस्तांतरण सुनिश्चित करने को निर्देशित किया, ताकि जनता को लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग फीडबैक को गंभीरता से लें और नियमित समीक्षा करते रहें। चेतावनी दी कि जिन विभागों में ई-ऑफिस संचालन कम पाया गया, वहां संबंधित अधिकारियों का वेतन रोका जाएगा।