चंदौली। सैयदराजा नगर पंचायत के चेयरमैन पद के उपचुनाव को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट में नामांकन पत्रों की जांच हुई। सहायक निर्वाचन अधिकारी विराग पांडेय ने जांच के बाद सभी आठ प्रत्याशियों के नामांकन को वैध कर दिया। छह दिसंबर को नामांकन वापसी के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किया जाएगा। 17 दिसंबर को मतदान और 19 दिसंबर को मतगणना कराई जाएगी।
नगर पंचायत चेयरमैन सीट पर भाजपा के टिकट पर रीता मद्देशिया निर्वाचित हुई थीं, लेकिन अपने कार्यकाल के एक साल के अंदर ही उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद चेयरमैन का पद रिक्त हो गया। इसके उप चुनाव को लेकर तिथियों की घोषणा की गई। चेयरमैन पद के लिए भाजपा से आभा जायसवाल, कांग्रेस से शहनाज तथा छह लोगों ने निर्दलीय रूप से पर्चे भरे हैं। नामांकन वैध पाए जाने के बाद चुनावी समर में उतरने वाले दावेदारों की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होने लगी हैं। छह दिसंबर को नामांकन वापसी के बाद तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।