नौगढ़। नवागत एबीएसए नागेंद्र सरोज ने शनिवार को विकास खंड के आधा दर्जन सरकारी स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालयों में नौ शिक्षक गायब मिले। जिनका ऑनलाइन तरीके से एक दिन का वेतन काट दिया गया। एबीएसए की कार्रवाई से शिक्षकों में खलबली मच गई।
विकासखंड के नवागत खंड शिक्षा अधिकारी नागेंद्र सरोज शनिवार की सुबह 8:30 बजे एबीएसए कंपोजिट विद्यालय मझगांई पहुंचे। यहां सहायक अध्यापक विशाल श्रीवास्तव बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिले जबकि प्राथमिक विद्यालय ठठवा और प्राथमिक विद्यालय हनुमानपुर में प्रधानाध्यापक समेत सभी अध्यापक और शिक्षा मित्र उपस्थित थे। प्राथमिक विद्यालय देवरा में बिना किसी सूचना के सहायक अध्यापक प्रवीण कुमार उपाध्याय अनुपस्थित थे। वहीं मझगावां नई बस्ती में सहायक अध्यापक रणविजय और आनंद प्रकाश नहीं पहुंचे थे। कंपोजिट विद्यालय अमृतपुर में राजेश त्रिपाठी और विजय शंकर पांडे नदारद थे। औचक निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय कंम्पोजिट शमशेरपुर में तैनात सहायक अध्यापक संदीप कुमार बिना सूचना के विद्यालय से गायब थे। प्राथमिक विद्यालय लौवारी कला में सहायक अध्यापक सुरेंद्र सिंह गायब मिले। इन सभी शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोका गया है। एबीएसए नागेंद्र सरोज ने बताया कि सभी शिक्षकों के खिलाफ हुई कार्रवाई सेवा पुस्तिका में दर्ज की जाएगी।