पीडीडीयू नगर जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में तेजी से कमी आ रही है। बुधवार को नए मिले संक्रमितों से चार गुना से अधिक लोग स्वस्थ हुए। आज सात नए कोरोना संक्रमित मिले जबकि 31 लोग स्वस्थ हुए हैं। इसकी पुष्टि डीएम संजीव सिंह ने की है।
बुधवार को आई कोरोना रिपोर्ट में दो महिला और पांच पुरुष सहित सात नए संक्रमित मिले हैं। ये सभी लोकल ट्रैवलिंग या अपने कार्यस्थल से संक्रमित हुए हैं। संक्रमितों में एक चहनियां, एक चंदौली नगर और दो ग्रामीण क्षेत्र, तीन नियामताबाद के रहवासी हैं। इनके संपर्क में आए अन्य व्यक्तियों की कांटैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। आज कोरोना की जांच के लिए कुल 2333 नमूने संग्रहित किए गए। दूसरी तरफ बुधवार को 31 संक्रमित व्यक्ति स्वस्थ्य हुए हैं। इस तरह जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 16097 हो गई। इनमें एक्टिव केस की संख्या 116 है, जबकि 15639 व्यक्ति स्वस्थ्य हो चुके हैं।