इलिया। क्षेत्र के सीहर गांव के सिवान में स्थित मोहनपुरवां तालाब के पास शुक्रवार की सुबह पुआल के ढेर में रोता हुआ नवजात मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नवजात को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। यहां से उसे चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया।
सीहर गांव के लोग सुबह के वक्त खेत-खलिहान पर जा रहे थे। इसी बीच पुआल के ढेर से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। पोखरे के पास पुआल के ढेर को हटाकर देखा तो कपड़े से ढंककर नवजात पड़ा था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बच्चे को चकिया स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। यहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण कर चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया। थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने बताया कि नवजात के स्वास्थ्य का परीक्षण कराया गया। चिकित्सकों ने उसे स्वस्थ बताया है। इसके बाद उसे चाइल्ड लाइन को सुपुर्द कर दिया गया है। ठंड में बच्चे को छोड़ने को लेकर इलाके में चर्चा हो रही है।