चंदौली। क्रय केंद्रों पर किसानों से धान खरीदने में केंद्र प्रभारी लापरवाही बरत रहे हैं। रविवार को निरीक्षण के बाद डिप्टी आरएमओ अनूप श्रीवास्तव ने एक जिला प्रभारी व तीन क्रय केंद्र प्रभारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। अफसरों के सख्ती के चलते विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों में खलबली मची है।
अधिकारियों की टीम ने रविवार को बबुरी स्थित केआरबी एजेंसी के क्रय केंद्र का जायजा लिया। क्रय केंद्र पर ताला लटकता मिला। दीघवट क्रय केंद्र भी बंद पाया गया। वहीं पांडेयपुर क्रय केंद्र प्रभारी की ओर से बोरा, वेट मशीन समेत संसाधनों की कमी का हवाला देकर धान बेचने आने वाले किसानों को बैरंग लौटाया जा रहा था। इससे किसानों में नाराजगी थी। किसानों ने धान खरीद की प्रक्रिया ठीक करने के लिए कई बार अधिकारियों से गुहार लगाई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में जनप्रतिनिधियों से खरीद की धीमी रफ्तार को लेकर शिकायत की। जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी समेत आला अधिकारियों से इसकी शिकायत की। ऐसे में विभागीय अधिकारियों ने रविवार को केंद्रों की पड़ताल की। तीनों क्रय केंद्र प्रभारियों के साथ ही यूपीएसएस के जिला प्रभारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिले में 1.95 लाख टन खरीद का लक्ष्य रखा गया है। करीब 22 हजार किसानों ने पंजीकरण कराया है, लेकिन अभी तक मात्र 500 किसानों से तीन हजार टन ही धान की खरीद हो सकी है। इसके पीछे केंद्र प्रभारियों की लापरवाही बड़ा कारण मानी जा रही है। खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि धान खरीद में लापरवाही पर प्रभारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। किसानों की शिकायत मिली तो अन्य प्रभारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।