पड़ाव। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) 11वीं बटालियन की ओर से जिलाधिकारी की मौजूदगी में बुधवार को अमृत महोत्सव के तहत छह गांवों चार सौ जरूरतमंदों के बीच आवश्यक वस्तुएं वितरित की। इस दौरान लोगों को कोरोना से बचाव के लिए सावधानी बरतने का आह्वान किया। डीएम संजीव कुमार ने लोगों से मास्क पहनने, सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने और बार बार हाथों साफ करने का आह्वान किया।
इस मौके पर हुई सभा में डीएम संजीव सिंह ने कहा कि एनडीआरएफ आपदा से निपटने के लिए सबसे बड़ा बल है। चंदौली और वाराणसी में आई बाढ़ में एनडीआरएफ ने बचाव में अहम भूमिका निभाई। कहा कि चंदौली में एनडीआरएफ यूनिट की स्थापना की कार्रवाई चल रही है। जल्द ही प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। एनडीआरएफ के कमांडेंट मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि एनडीआरएफ वाराणसी की 13 टीमें उत्तर प्रदेश में बाढ़ आपदा में बचाव के लिए तैनात है। कहा कि प्रशासन के साथ मिलकर बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री भी वितरित की जा रही है। इसी क्रम में जिले के चांदीतारा, खुटहां, फतेहपुर, व्यासपुर, बखरां के बेसहारा, दिव्यांग, वृद्ध, निर्धन व जरूरतमंद लोगों के बीच डिगनिटी किट बांटी गई। गांव के चार सौ लोग, 160 पुरुषों, 240 महिलाओं को वस्तुएं वितरित की गई। इसके पूर्व साहुपुरी में पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर एसडीएम अतुल कुमार, विजय नरायन सिंह, एनडीआरएम के द्वितीय कमान अधिकारी देवेन्द्र कुमार रहे।